स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 2 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 2 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 2 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- वर्ष 2026 में होलिका पूजन एवं दहन 2 मार्च, सोमवार की रात्रि को संपन्न होगा। वहीं रंगों का पर्व होली 4 मार्च, बुधवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
- मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2 मार्च से स्पेन के बार्सिलोना में शुरू हो रहा है। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इसमें भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
- मौसम विभाग (IMD) ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान व्यक्त किया है।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 2 मार्च को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ की शुरुआत करेंगी। इस योजना के तहत बालिका के नाम पर किस्तों में कुल 56 हजार रुपये जमा किए जाएंगे। यह योजना उन परिवारों के लिए है, जिनकी सालाना आय 1 लाख 20 हजार रुपये तक है और जो पिछले तीन साल से दिल्ली में रह रहे हैं। पात्रता के लिए बालिका का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य रखा गया है।
- पीएम नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 2 मार्च को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत और कनाडा के बीच रणनीतिक साझेदारी में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
- रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 2 मार्च को मुंबई बंदरगाह पर भारतीय नौसेना के नौकायन पोत INSV कौंडिन्य का औपचारिक ध्वजारोहण करेंगे। इस अवसर पर नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
- नागालैंड विधानसभा का बजट सत्र 2 मार्च से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगा। इस दौरान पांच बैठकें होंगी। केंद्र सरकार, राज्य सरकार और पूर्वी नागालैंड जन संगठन के बीच सीमांत नागालैंड क्षेत्र प्राधिकरण को लेकर हुए त्रिपक्षीय समझौते के बाद यह पहला सत्र है। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना है।
- मध्य प्रदेश सरकार 2 मार्च को बरवानी के आदिवासी क्षेत्र में अपने कृषि मंत्रिमंडल की पहली बैठक आयोजित करेगी।
- दार्जिलिंग हिल्स के मिरिक में तीन दिवसीय मिजोरम पुष्प महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। इसमें 100 से अधिक पुष्प उत्पादक ऑर्किड तथा हिमालयी क्षेत्र की अन्य आकर्षक प्रजातियों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
- दिल्ली एयरपोर्ट ने पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण यात्रियों के लिए एक यात्रा परामर्श जारी किया है। इसमें कहा गया है कि पश्चिम की ओर जाने वाली उड़ानों में देरी हो सकती है या समय में बदलाव हो सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे उड़ान के बारे में लेटेस्ट अपडेट के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें।
- कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला 3 मार्च को जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय प्रशासन सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन का विषय है ‘जिलों का समग्र विकास: विकसित भारत के लिए शासन का रूपांतरण’। इस कार्यक्रम में लोक प्रशासन में उत्कृष्ट काम करने वाले मॉडलों को दिखाया जाएगा, जिन्हें प्रधानमंत्री पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों में मान्यता मिली है।
- केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा-शुल्क बोर्ड (CBIC) ने पात्र निर्माता आयातकों के लिए सीमा-शुल्क के तुरंत भुगतान से छूट देने की सुविधा शुरू की है। यह सुविधा 1 अप्रैल, 2026 से 31 मार्च, 2028 तक जारी रहेगी। बोर्ड ने इसके बारे में अधिसूचना भी जारी कर दी है।
- इस साल फरवरी में GST संग्रह पिछले साल फरवरी की तुलना में 8.1% बढ़ा है। इस बार फरवरी में कुल GST संग्रह 1 लाख 83 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। जबकि फरवरी 2025 में यह 1 लाख 69 हजार करोड़ रुपये से अधिक था।
- तमिलनाडु सरकार ने खाड़ी देशों में निवास कर रहे अथवा घूमने गए राज्य के निवासियों की सहायता के उद्देश्य से हेल्पलाइन सर्विस शुरू की है। नई दिल्ली स्थित कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर 011-24193300 एवं 9289516712 हैं। भारत में अनिवासी तमिल कल्याण विभाग की हेल्पलाइन 1800 309 3793 है। इसके अतिरिक्त, 91 80 6900 9900 अथवा 91 80 6900 9901 पर मिस्ड कॉल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
- भारत ने लगातार दुग्ध उत्पादन में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। विश्व के कुल दुग्ध उत्पादन में भारत का योगदान लगभग 25 प्रतिशत है। 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार, देश में दुग्ध उत्पादन 24 करोड़ 70 लाख टन के पार पहुंच गया है।
- महाराष्ट्र इस सीजन में उत्तर प्रदेश को पीछे छोड़कर देश का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य बन सकता है। इस सीजन में भारत में कुल 32.4 मिलियन टन चीनी का उत्पादन होने का अनुमान है। इसमें से महाराष्ट्र का हिस्सा 11.8 मिलियन टन रहने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश का उत्पादन 9.85 मिलियन टन हो सकता है।
- परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में स्थित कैगा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की पांचवीं और छठी यूनिट के लिए कंक्रीट कार्य का शुभारंभ किया है। यह विस्तार कार्य भारत की परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने और बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करने के लिए किया जा रहा है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 2 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद वरिष्ठ धर्मगुरू अयातुल्ला अलीरेज़ा अराफ़ी ईरान के अंतरिम सर्वोच्च नेता के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार की हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है।
- नेपाल सरकार ने पश्चिम एशिया में निवासरत एवं कार्यरत अपने नागरिकों को संबंधित मेजबान देशों के सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया है।
- बेल्जियम ने उत्तरी सागर में रूस के गुप्त बेड़े से संबंधित एक तेल टैंकर को जब्त किया है।
- ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, मोहम्मद फखपाउर की हत्या के पश्चात जनरल अहमद वाहिदी को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर का कमांडर नियुक्त किया गया है। जनरल वाहिदी पूर्व में ईरान के रक्षा मंत्री तथा आंतरिक मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 3 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 2 मार्च 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 के ग्रुप 1 के मुकाबले में 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब भारत का मुकाबला 5 मार्च को इंग्लैंड से होगा। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 2 मार्च को कक्षा 10वीं के हिंदी पेपर A एवं पेपर B का आयोजन करेगा। परीक्षा सुबह 10:30 बजे प्रारंभ होकर दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी।
- भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (ICAI) ने CA फाइनल जनवरी 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। आप ICAI की आधिकारिक वेबसाइट icai.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही टॉप करने वाले छात्रों की सूची भी जारी की गई है।
- 2 मार्च को पश्चिम एशिया में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बताया कि यह फैसला बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थिति को देखते हुए लिया गया है। बोर्ड स्थिति का आकलन करने के बाद नई परीक्षा तिथि जारी करेगा।
- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट परीक्षा की आंसर की जारी कर दी है। इस पर 6 मार्च तक आपत्ति दर्ज की जा सकती है। परीक्षा परिणाम मार्च के तीसरे या चौथे सप्ताह में आने की संभावना है।
- CUET PG परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड 2 या 3 मार्च को जारी किए जाने की संभावना है। हॉल टिकट जारी होते ही आप अपनी लॉगिन डिटेल दर्ज कर आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इसे डाउनलोड कर सकेंगे।
आशा है कि आपको 2 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!