स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 11 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 11 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 11 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- हर साल 11 मार्च को ‘विश्व प्लंबिंग दिवस’ मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वैश्विक स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति तथा पर्यावरणीय स्थिरता में प्लंबिंग के महत्व को उजागर करना है।
- पीएम नरेंद्र मोदी 11 मार्च को केरल और तमिलनाडु का दौरा करेंगे। वे केरल के एर्नाकुलम में लगभग 10,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और फिर तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
- दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में तरनजीत सिंह संधू 11 मार्च को नई दिल्ली के लोक निवास में शपथ लेंगे। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय, श्री संधू को शपथ दिलाएंगे।
- लोकसभा में 11 मार्च को अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर फिर से चर्चा शुरू होगी।
- मौसम विभाग (IMD) ने 11 मार्च को गुजरात में भीषण लू का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं कोंकण, गोवा, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद में अत्यधिक बारिश का अनुमान है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जल जीवन मिशन (JJM) को दिसंबर 2028 तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। वहीं जल जीवन मिशन के पुनर्गठन के लिए मंत्रिमंडल ने इसके कुल परिव्यय को बढाकर 8 लाख 69 हजार करोड रुपये कर दिया है।
- भारतीय रेलवे ने 765 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अवसंरचना और प्रौद्योगिकी उन्नयन परियोजनाओं को पूर्वी तट, दक्षिण मध्य और पश्चिमी रेलवे क्षेत्रों में मंजूरी दी है। पूर्वी तट रेलवे के दुव्वाडा-विशाखापत्तनम-विजयनगरम खंड में इलेक्ट्रिक ट्रैक सुधारने के लिए 318 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इससे माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों की गति बेहतर होगी।
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में आहार अंतर्राष्ट्रीय खाद्य और आतिथ्य मेले के 40वें संस्करण का उद्घाटन किया है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय और भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन संयुक्त रूप से 10 से 14 मार्च तक इस मेले का आयोजन कर रहा है।
- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और भारतीय नौसेना ने गोवा तट के पास Boeing P-8I Poseidon विमान से स्वदेशी एयर ड्रॉपेबल कंटेनर ADC-150 के चार सफल परीक्षण किए हैं। यह कंटेनर लगभग 150 किलोग्राम सामान पहुंचाने के लिए बनाया गया है और समुद्र में तैनात संकटग्रस्त नौसैनिक जहाजों तक जरूरी सामान और दवाएं पहुंचाने में मदद करेगा।
- पश्चिम एशिया में मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर, केंद्र सरकार ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्राकृतिक गैस के उत्पादन, आपूर्ति एवं वितरण को विनियमित करने हेतु आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 लागू किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, घरेलू पाइपलाइन गैस, CNG, LPG उत्पादन, पाइपलाइन कंप्रेसर ईंधन एवं अन्य आवश्यक पाइपलाइन परिचालन क्षेत्रों को प्राकृतिक गैस आपूर्ति में प्राथमिकता प्रदान की गई है।
- सर्वोच्च न्यायालय ने देश के अलग-अलग न्यायाधिकरणों के अध्यक्षों और सदस्यों का कार्यकाल बढ़ाने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत जो अध्यक्ष और सदस्य जल्द सेवानिवृत्त होने वाले थे, उनका कार्यकाल इस वर्ष 8 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।
- दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के माध्यम से दिल्ली में ‘स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन’ की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।
- पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तमिलनाडु के ‘मदुरै एयरपोर्ट’ को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में घोषित करने की मंजूरी दी है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 11 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- भारत ने मोज़ाम्बिक के मध्य और दक्षिणी प्रांतों में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद मानवीय सहायता के तहत राहत सामग्री भेजी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इसमें 500 मीट्रिक टन चावल, नौसेना के जहाज से 10 मीट्रिक टन आवश्यक राहत सामग्री और 86 मीट्रिक टन जीवन रक्षक दवाइयां शामिल हैं। राहत सामग्री में टेंट, स्वच्छता किट और पुनर्वास उपकरण शामिल हैं।
- मेडागास्कर के सैन्य शासक माइकल रैंड्रियानिरीना ने प्रधानमंत्री और पूरे मंत्रिमंडल को हटाकर सरकार भंग कर दी है। अब संवैधानिक नियमों के अनुसार नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति की जाएगी।
- मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण उत्पन्न ऊर्जा संकट के परिप्रेक्ष्य में थाईलैंड की सरकार ने ऊर्जा संरक्षण के नए उपाय लागू किए हैं। प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने सरकारी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से घर से कार्य करने का निर्देश दिया है, जबकि सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े अधिकारियों को इस व्यवस्था से छूट प्रदान की गई है।
- ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घोषणा की है कि उनका देश पश्चिम एशिया क्षेत्र में एक सैन्य निगरानी विमान तैनात करेगा तथा संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को मिसाइल उपलब्ध कराएगा। साथ ही ऑस्ट्रेलियाई सेना खाड़ी देशों को संभावित हमलों से बचाने में सहयोग प्रदान करेगी।
- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे में भारत, बांग्लादेश को लगभग 5,000 मीट्रिक टन डीजल भेज रहा है। बांग्लादेश पेट्रोलियम निगम (BPC) के अनुसार, बांग्लादेश-भारत मैत्री पाइपलाइन के जरिए नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड से डीजल की आपूर्ति शुरू हो गई है और हर घंटे करीब 113 मीट्रिक टन डीजल भेजा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 12 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 11 मार्च 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में बुधवार 11 मार्च को पुरुष सिंगल में किदांबी श्रीकांत हांगकांग के जेसन गुनावन के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगे। जबकि प्रणॉय का मुकाबला जापान के कोकी वातानाबे से होगा।
- FIH महिला हॉकी विश्व कप 2026 के क्वालीफायर में आज भारतीय टीम हैदराबाद में पूल बी के अपने अंतिम मैच में वेल्स का सामना करेगी। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ICC T-20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम के लिए 131 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। यह पुरस्कार सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली विजेता टीम के 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सहायक कर्मचारियों के बीच बांटा जाएगा।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 का एप्लीकेशन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि आज, 11 मार्च है। जो छात्र अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे रात 9 बजे तक NTA की ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन करने के बाद फीस आज रात 11:50 बजे तक जमा की जा सकती है।
- राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा 8 (भाग-II) की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक ‘एक्सप्लोरिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड’ को वापस ले लिया है, जिसमें ‘हमारे समाज में न्यायपालिका की भूमिका’ शीर्षक वाला अध्याय IV शामिल था।
- उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) सहायक पर्यावरण अभियंता और सहायक वैज्ञानिक अधिकारी के पदों पर भर्ती कर रहा है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 28 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppcb.up.gov.in/en पर किया जा सकता है। इन पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में इंजीनियरिंग डिग्री या डॉक्टरेट आवश्यक है। 1 जुलाई 2025 के अनुसार उम्मीदवार की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि आरक्षित वर्ग को आयु सीमा में छूट मिलेगी।
- जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के कोट्रांका और एस्पिरेशनल ब्लॉक खवास की छात्राओं के लिए ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ (BBBP) पहल के अंतर्गत मुफ्त कोचिंग कक्षाओं का उद्घाटन किया गया है। ये कक्षाएं 14 कोचिंग केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। कुल 450 छात्राओं ने इस मुफ्त कोचिंग कक्षा के लिए नामांकन कराया है।
आशा है कि आपको 11 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!