स्कूल असेंबली के लिए 10 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 10 March 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 10 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 10 मार्च 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 10 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. आज 10 मार्च को ‘केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल’ (CISF) का स्थापना दिवस है। CISF की स्थापना 10 मार्च, 1969 को संसद के एक अधिनियम के माध्यम से की गई थी।
  2. भारत में हर साल 10 मार्च को राष्ट्रीय गर्भकालीन मधुमेह (GDM) जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान होने वाली शुगर की समस्या के बारे में लोगों को जागरूक करना, समय पर जांच करवाने के लिए प्रेरित करना और माँ व बच्चे के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है।
  3. लोकसभा में 10 मार्च को अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। यह प्रस्ताव कांग्रेस के तीन सदस्यों मोहम्मद जावेद, के. सुरेश और मल्लु रवि द्वारा पेश किया जाएगा। यदि प्रस्ताव पारित होता है, तो श्री बिरला कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेंगे और सदस्यों के बीच बैठेंगे।
  4. कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह 10 मार्च को नई दिल्ली में स्वैच्छिक एजेंसियों की स्थायी समिति की 35वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक केंद्रीय सरकारी पेंशनभोगियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा आयोजित की जा रही है।
  5. मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, केरल और पूर्वोत्तर भारत में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।
  6. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत सरकार ने अब तक गरीब परिवारों की महिलाओं को 10 करोड़ 51 लाख LPG कनेक्शन दिए हैं। यह योजना मई 2016 में शुरू की गई थी ताकि देशभर की महिलाओं को बिना जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन मिल सके।
  7. एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण बढ़ी हुई उड़ानों की मांग को देखते हुए 10 से 18 मार्च के बीच नौ मार्गों पर 78 अतिरिक्त उड़ानें चलाने का फैसला किया है। ये उड़ानें दिल्ली से न्यूयॉर्क, लंदन, फ्रैंकफर्ट, पेरिस, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, कोलंबो और माले के लिए होंगी। इसके अलावा मुंबई से भी लंदन के लिए अतिरिक्त उड़ानें चलाई जाएंगी।
  8. कुनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने पाँच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या अब 53 हो गई है।
  9. केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने MyGov पोर्टल पर ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण): VB-G RAM G अधिनियम, 2025’ के लिए लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता आयोजित की है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 है। इच्छुक प्रतिभागियों को MyGov पोर्टल bit.ly/3Pp6vi8 पर अपना पंजीकरण करना होगा और डिज़ाइन ऑनलाइन जमा करना होगा।
  10. केंद्र सरकार ने तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन में वृद्धि करने और अतिरिक्त उत्पादन को घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों और एलपीजी आपूर्ति पर लगाए गए पाबंदियों के संदर्भ में लिया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 10 मार्च 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. श्रीलंका में 10 मार्च से सरकारी स्वामित्व वाली सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन में किए गए संशोधनों के कारण खुदरा ईंधन की कीमतों में लगभग 7-8% या 24 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। यह संशोधन सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन और अन्य पेट्रोल पंपों पर लागू होगा।
  2. ईरान के साथ अमरीका-इजराइल युद्ध के चलते लेबनान की संसद ने अपना कार्यकाल दो वर्ष के लिए बढ़ा दिया है।
  3. मलावी में अल नीनो के चलते गंभीर सूखे की स्थिति उत्पन्न हुई है। अल नीनो एक जलवायु घटना है जिसमें प्रशांत महासागर का समुद्री जल सामान्य से अधिक गर्म हो जाता है। भारत ने मलावी के लोगों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए न्हावा शेवा बंदरगाह से 1000 मीट्रिक टन चावल मानवीय सहायता के रूप में भेजा है।
  4. भारतीय सशस्त्र बलों का एक दल सेशेल्स पहुंच गया है। यह दल ‘लामितिये-2026’ नामक संयुक्त सैन्य अभ्यास में भाग लेगा। यह अभ्यास 9 मार्च से सेशेल्स रक्षा अकादमी में शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। इसका मकसद दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग और समझ बढ़ाना है।
  5. ईरान के साथ अमरीका-इजराइल संघर्ष तेज होने से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर चर्चा के लिए G-7 देशों ने एक आपात बैठक की है। G-7 कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमरीका सहित प्रमुख औद्योगिक देशों का समूह है। इसमें यूरोपीय संघ भी शामिल है।
  6. बांग्लादेश में ऊर्जा संकट बढ़ने के कारण सरकार ने 9 मार्च से सभी सार्वजनिक और निजी विश्वविद्यालय बंद करने का आदेश दिया है। इसके तहत ईद-उल-फितर की छुट्टियां पहले ही दे दी गई हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने देशभर के विश्वविद्यालयों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय से पहले ही ईद की छुट्टियां प्रदान करें। इस निर्णय का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसरों में बिजली की खपत को कम करना है।
  7. अमरीका और दक्षिण कोरिया के बीच एक बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू हो गया है। इसमें हजारों सैनिक भाग ले रहे हैं। यह अभ्यास 19 मार्च तक चलेगा।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 10 मार्च 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 10 मार्च से स्विट्ज़रलैंड के बेसल शहर में शुरू हो रहा है। इस टूर्नामेंट में भारत की ओर से एच. एस. प्रणॉय और किदांबी श्रीकांत हिस्सा लेंगे और चुनौती पेश करेंगे।
  2. FIH महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर में भारत और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। भारतीय टीम पहले हाफ में 2-1 से आगे थी, लेकिन स्कॉटलैंड ने तीसरे क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर लिया।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के देशों में 12वीं कक्षा की 12 से 16 मार्च तक होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।
  2. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जूनियर इंजीनियर पेपर 2 और CHSL टियर 2 परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी हैं। जूनियर इंजीनियर परीक्षा 7 अप्रैल 2026 को और CHSL टियर 2 परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को होगी। आप इन तिथियों के अनुसार अपनी तैयारी कर सकते हैं।
  3. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के लिए पंजीकरण की समय सीमा बढ़ा दी है। अब इच्छुक उम्मीदवार 11 मार्च 2026 तक अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित होगी।
  4. राजस्थान होम गार्ड विभाग ने PET और PST 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। आप अपना एडमिट कार्ड home.rajasthan.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। शारीरिक परीक्षण (PET/PST) 16 मार्च 2026 से राजस्थान के विभिन्न केंद्रों पर शुरू होगा। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 3,842 रिक्तियों को भरा जाएगा।
  5. UP बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया में स्टेप मार्किंग लागू करने का आदेश दिया है। इसके तहत मैथ्स और साइंस विषयों में छात्र अगर आधा उत्तर सही देते हैं तो उन्हें आधे अंक भी मिलेंगे।
  6. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद् बिहार, पटना ने ‘राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा’ (NMMS) के लिए छात्रों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। छात्र या उनके अभिभावक इसे ऑनलाइन nmmssbihar.co.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
  7. रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने NTPC ग्रेजुएशन लेवल (CEN 6/2025) भर्ती परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट rrbcdg.gov.in से अपनी सिटी इंटीमेशन स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं।


आशा है कि आपको 10 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*