स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 10 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 10 अप्रैल 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 10 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:
- हर वर्ष 10 अप्रैल को दुनियाभर में विश्व होम्योपैथी दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय ‘सतत स्वास्थ्य के लिए होम्योपैथी’ रखा गया है। आयुष मंत्रालय नई दिल्ली में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसमें दो दिन का संवाद सत्र भी शामिल होगा।
- राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त और विकास निगम (NSTFDC) 10 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली स्थित विश्व युवा केंद्र में अपना 25वां स्थापना दिवस मनाएगा। इस अवसर पर जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
- मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की है।
- भारत में साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय अपराधों से निपटने के लिए वित्तीय खुफिया इकाई-भारत (FIU-इंडिया) और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका मकसद डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाना, धोखाधड़ी कम करना और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।
- भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 45 गीगावाट की अब तक की सबसे अधिक वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि दर्ज की है।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गोवा में कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन इंडिया रीजन जोन VII सम्मेलन 2026 का उद्घाटन किया है। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अंतर-संसदीय सहयोग को मजबूत करना और प्रमुख विकास मुद्दों पर चर्चा करना है।
- केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद ने नई दिल्ली में विश्व के सबसे बड़े विद्युत शो ‘इलेक्रमा 2027’ के 17वें संस्करण का औपचारिक शुभारंभ किया है। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता संघ द्वारा किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह आयोजन अगले वर्ष 20 फरवरी से 24 फरवरी, 2027 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इस संस्करण में जर्मनी भागीदार देश होगा।
- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक विशेष अदालत ने मानव तस्करी के एक अंतरराष्ट्रीय मामले में चार बांग्लादेशी नागरिकों को तीन साल के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने HPCL राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL) परियोजना की लागत 43,129 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 79,459 करोड़ रुपए करने को मंजूरी दी है। इसके साथ ही हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा 8,962 करोड़ रुपए का अतिरिक्त निवेश करने को भी मंजूरी दी गई है। अब एचपीसीएल का कुल इक्विटी निवेश 19,600 करोड़ रुपए होगा।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 10 अप्रैल 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:
- ग्रीस ने अगले साल जनवरी से 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में चल रहे कई सप्ताह के संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान के साथ प्रत्यक्ष वार्ता करने का निर्णय लिया है। इस सिलसिले में उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल और अन्य उच्च अधिकारियों को इस्लामाबाद भेजा जाएगा।
- भारत, संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक परिषद निकायों के चार चुनावों में निर्विरोध निर्वाचित हुआ है।
- विश्व बैंक ने भारत की विकास दर का अनुमान बढ़ाते हुए मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए 6.3% से 6.6% कर दिया है। इसके अलावा मजबूत घरेलू मांग और निर्यात में लचीलापन के कारण, वित्तीय वर्ष 2025 की 7.1% विकास दर अगले वित्तीय वर्ष 2026 में 7.6% तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है।
- भारत ने वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले 33वें पक्षकारों सम्मेलन (COP-33) की मेजबानी का अपना प्रस्ताव वापस ले लिया है। यह सम्मेलन संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (UNFCCC) के अंतर्गत आयोजित किया जाता है।
- ईरानी अधिकारियों ने अमरीका पर आगामी वार्ताओं के लिए तय 10-सूत्रीय प्रस्ताव के तीन प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
- नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी तथा पूर्व विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 10 अप्रैल 2026
यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:
- जम्मू कश्मीर में स्वच्छ तवी महोत्सव 2026 बैसाखी के उपलक्ष्य में 14 से 16 अप्रैल तक तवी ब्रिज पर आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में दंगल, पारंपरिक डोगरी व्यंजन के साथ खान-पान के कई स्टॉल होंगे और हथकरघा से जुडे उत्पादों का प्रदर्शन होगा।
- पश्चिम बंगाल के मालदा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अबू हासिम खान चौधरी का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 10 अप्रैल 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:
- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सोलहवां मुकाबला 10 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में दक्षिण एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन किया है। यह प्रतियोगिता 11 अप्रैल तक आयोजित होगी, जिसमें भारत, श्रीलंका, मालदीव, बांग्लादेश और नेपाल सहित पांच देशों के 100 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
- बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के नए अध्यक्ष और पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने पुरुष और महिला क्रिकेटरों की घरेलू मैच फीस और वेतन में वृद्धि करने की घोषणा की है।
- मंगोलिया में आयोजित एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने एक ही दिन में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।
- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL के लिए नए नियम बनाए हैं। अब मैच के दौरान सिर्फ वही खिलाड़ी मैदान में आ सकेंगे जिनका नाम टीम सूची में होगा। हर टीम की सूची में केवल 16 खिलाड़ी शामिल किए जा सकेंगे।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:
- इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन की लास्ट डेट 10 अप्रैल निर्धारित है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर एक साथ दो पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 1 से 15 जून तक होगी।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा JEE Main सेशन 2 आंसर की 11 अप्रैल को जारी की जाएगी। इसके अलावा एनटीए द्वारा रिजल्ट की घोषणा 20 अप्रैल को की जाएगी।
- राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय सामान्य प्रवेश परीक्षा (NCET) 2026 के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। आप आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in पर जाकर एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड से सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा 17 अप्रैल, 2026 को CBT मोड में होगी।
- ओडिशा बोर्ड ने ओडिशा सेकेंडरी स्कूल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में 56,456 में से 72.38% कैंडिडेट्स पास हुए हैं। यह परीक्षा 21 जनवरी, 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यभर से हजारों कैंडिडेट्स ने भाग लिया था।
- हिमाचल प्रदेश में शिक्षक के 800 से अधिक पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 01 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। उम्मीदवारों के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएड की डिग्री और अन्य आवश्यक योग्यताएं होनी चाहिए।
आशा है कि आपको 10 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!