स्कूल असेंबली के लिए 15 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
स्कूल असेंबली के लिए 15 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ते समय सबसे जरूरी होता है कि खबरें साफ़, भरोसेमंद और समझने में आसान हों। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां 15 जनवरी 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां दी गई हैं, जिन्हें छात्र असेंबली में सीधे और बिना अतिरिक्त तैयारी के पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी अहम खबरें शामिल हैं, ताकि छात्र रोजमर्रा की घटनाओं से जुड़े रहें और आत्मविश्वास के साथ समाचार प्रस्तुत कर सकें। यहाँ दी गई सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 15 जनवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 15 जनवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. भारत में प्रतिवर्ष 15 जनवरी को ‘भारतीय सेना दिवस’ मनाया जाता है। यह दिन उस दिन की याद दिलाता है जब सन 1949 में फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा भारत के प्रथम भारतीय सेना के कमांडर‑इन‑चीफ बने थे।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 15 जनवरी से पंजाब के दो दिन के दौरे पर रहेंगी। वे अमृतसर में गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि होंगी। इसके बाद शुक्रवार को जालंधर में डॉ. बी. आर. अम्बेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के 21वें दीक्षांत समारोह में 1,452 छात्रों को डिग्री प्रदान करेंगी।
  3. पीएम नरेंद्र मोदी 15 जनवरी को नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल देशों की संसदों के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन में 42 राष्ट्रमंडल देशों और चार अर्ध‑स्वायत्त देशों के संसद अध्यक्ष और प्रमुख अधिकारी हिस्सा लेंगे।
  4. भारत में खेल प्रशिक्षण के पारिस्थितिकी तंत्र को बेहतर बनाने के लिए गठित टास्क फोर्स ने अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी है। इस रिपोर्ट में देश भर के खेल प्रशिक्षकों के विकास और पेशेवर मान्यता के लिए एक व्यापक योजना पेश की गई है।
  5. जवाहर नवोदय विद्यालयों की 26वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 का पुरस्कार वितरण समारोह 15 जनवरी, 2026 को दोपहर 3 बजे मावलंकर सभागार, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में आयोजित होगा। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और विजेता छात्रों व विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
  6. मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 जनवरी तक शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। वहीं अगले दो दिन तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
  7. महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव 5 फरवरी को होंगे, जबकि मतगणना 7 फरवरी को होगी।
  8. इस साल भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मानवता प्रथम और जन-केंद्रित दृष्टिकोण’ के साथ ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। इस वर्ष होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्‍मेलन का विषय है – लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता प्रमुख प्राथमिकताएं।
  9. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियां चलाने की घोषणा की है। इनमें कामाख्या-रोहतक, डिब्रूगढ़-गोमती नगर,अलीपुरद्वार-एसएमवीटी बेंगलुरु,अलीपुरद्वार-पनवेल, संतरागाछी-तांबरम,  न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली, न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल, हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनल और सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाडियां शामिल हैं।
  10. भारत सरकार के हस्तक्षेप के बाद प्रमुख डिलीवरी कंपनियों ने 10 मिनट में डिलीवरी की समय सीमा को हटाने के लिए सहमति जताई है।
  11. दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए शहर में 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे। इसके बाद राजधानी में इन आरोग्य मंदिरों की कुल संख्या 319 हो जाएगी।
  12. दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) ने ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और गैर-कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘राष्ट्रीय उद्यमिता अभियान’ शुरू किया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 15 जनवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. भारतीय नौसेना का नौकायन पोत  INSV कौंडिन्या गुजरात से अपनी पहली यात्रा पूरी कर ओमान के मस्कत स्थित सुल्तान काबूस बंदरगाह पहुंच गया है। यह पोत पांचवीं शताब्दी के भारतीय जहाज की प्रतिकृति है, जिसे प्राचीन सिलाई तकनीक से बनाया गया है और यह 29 दिसंबर को पोरबंदर से रवाना हुआ था।
  2. अमेरिका ने मुस्लिम ब्रदरहुड की मध्य-पूर्व की तीन शाखाओं को आतंकवादी संगठन घोषित करते हुए उन पर और उनके सदस्यों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।
  3. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान से व्यापार करने वाले देशों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के निर्णय पर चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है।
  4. अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों ने पश्चिम एशिया में हवाई खतरों से निपटने के लिए कतर के अल उदैद हवाई अड्डे पर एक नया संयुक्त वायु और मिसाइल रक्षा समन्वय केंद्र खोला है। 
  5. मोटापा, मधुमेह, हृदय रोग, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों पर रोक लगाने के लिए WHO ने सरकारों से फ्रूट जूस, मीठे पेय पदार्थों और शराब पर टैक्स बढ़ाने की अपील की है, जिससे बच्चों और युवाओं की सेहत सुरक्षित रह सके।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 15 जनवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. महिला प्रीमियर लीग में आज मुंबई इंडियंस का मुकाबला यूपी वारियर्स से होगा। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 
  2. भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने चार साल से अधिक समय बाद ICC पुरुष वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में फिर से नंबर एक स्थान हासिल किया है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. राजस्थान बोर्ड ने कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए परीक्षा डेटशीट जारी कर दी है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट से डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं। इन कक्षाओं की परीक्षा 7 मार्च, 2026 से शुरू होगी।
  2. राष्ट्रीय चिकित्सा परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने NEET PG 2025 की क्वालिफाइंग पर्सेंटाइल में बदलाव किया है। यह निर्णय राउंड-2 काउंसलिंग के बाद देशभर में खाली पड़ी 18 हजार से अधिक पीजी मेडिकल सीटों को भरने के लिए लिया गया है।
  3. BTSC ने ट्यूटर नर्सिंग परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in से अपना रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा 22 अगस्त को आयोजित हुई थी।
  4. SSC 18 और 19 जनवरी को CGL टियर-2 परीक्षा और स्किल टेस्ट (DEST) आयोजित करेगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 15 या 16 जनवरी को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा सकते हैं।
  5. अगर आप JNU में पढ़ाई करने और हॉस्टल में रहने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए उप-रजिस्ट्रार से आवेदन-पत्र लिया जा सकता है। जेएनयू में कुल 18 हॉस्टल हैं, जहां 5500 से अधिक छात्र रहते हैं।
  6. NTA ने CUET PG में रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। एप्लीकेंट NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर 20 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
  7. जम्मू-कश्मीर बोर्ड ने 10वीं और 12वीं अक्टूबर/नवंबर विंटर जोन एनुअल एग्जाम 2025 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। छात्र या उनके माता-पिता बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए लिंक से रिज्लट देख सकते हैं।
  8. BPSC ने असिस्टेंट टाउन प्लानिंग सुपरवाइजर के पदों के लिए रजिस्ट्रेशन 14 जनवरी से शुरू कर दिए हैं। इच्छुक उम्मीदवार bpsc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 साल है।
  9. NBEMS ने FMGE दिसंबर 2025 परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार इसे ऑफिशियल वेबसाइट या इस पेज से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 17 जनवरी को होगी।

आशा है कि आपको 15 जनवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। डेली स्कूल असेंबली न्यूज पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रह सकते हैं। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*