स्कूल असेंबली के लिए 8 मई की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 8 May 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 8 मई, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 8 मई 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 8 मई की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:

  1. हर साल 8 मई को दुनियाभर में ‘विश्व रेड क्रॉस दिवस’ (World Red Cross Day 2026) मनाया जाता है। यह दिन हेनरी डुनेंट की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है, जिन्होंने रेड क्रॉस आंदोलन की शुरुआत की थी। इस दिन मानवता की सेवा करने वाले स्वयंसेवकों और उनके कार्यों को सम्मान दिया जाता है।
  2. शिमला स्थित MGMSC नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास में 19 छात्राओं के तपेदिक से संक्रमित पाए जाने के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है। NHRC ने बताया कि हालिया निरीक्षणों में छात्रावास प्रबंधन, स्वच्छता और संस्थागत व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आई हैं।
  3. भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने 2026 के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण नियमों का नया मसौदा जारी किया है। इसमें पहले 2012, 2013 और 2014 में बदलाव किए जा चुके हैं। हितधारक 5 जून तक [email protected] पर अपनी लिखित प्रतिक्रियाएँ भेज सकते हैं।
  4. भारत की विमान कंपनी इंडिगो 15 जून, 2026 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू करेगी। इस एयरपोर्ट से किसी विमान कंपनी की यह पहली उड़ान सेवा होगी।
  5. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेहरू प्लेस डाकघर के नए भवन का उद्घाटन किया है। यह भवन आधुनिक डिजाइन और बेहतर सुविधाओं के साथ बनाया गया है ताकि लोगों को अच्छी सेवा मिल सके।
  6. इंडिया एआई और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने स्वास्थ्य सेवा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से अपनाने के लिए नई दिल्‍ली में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
  7. स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) ने देश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘जननी’ (प्रसव पूर्व एवं पश्चात तथा नवजात शिशु एकीकृत देखभाल पहल) का शुभारंभ किया है। इससे महिलाओं के गर्भधारण से पहले और बाद तक उनके स्वास्थ्य की जानकारी रखी जा सकेगी और देखभाल आसान होगी।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 8 मई 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:

  1. अमेरिका ने होमुर्ज जलडमरूमध्य से व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ अभियान को रोक दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब ने इस अभियान में शामिल अमेरिकी विमानों को अपने क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी है।
  2. अंकल्स शॉप बिल्डिंग मटेरियल ट्रेडिंग के प्रबंध निदेशक दीपक भाटिया को सर्वश्रेष्ठ निजी क्षेत्र इकाई श्रेणी के अंतर्गत ‘एर्थ दुबई पुरस्कार’ प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई के युवराज महामहिम शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की मौजूदगी में प्रदान दिया।
  3. हंता वायरस से प्रभावित एक क्रूज के लगभग 40 यात्री सेंट हेलेना द्वीप पर उतर गए हैं। इन सभी यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
  4. बांग्लादेश में खसरे की बीमारी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में सात और बच्चों की मौत हो गई है। अब पिछले 52 दिनों में खसरे और उससे मिलते-जुलते लक्षणों से मरने वाले बच्चों की संख्या 324 हो गई है।
  5. फ्रांस ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के संभावित अभियान के तहत अपने चार्ल्स डी गॉल विमानवाहक पोत समूह को लाल सागर में तैनात किया है।

स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 8 मई 2026

यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:

  1. कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) 8 मई को कानपुर स्थित राष्‍ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्‍थान (NSTI) में उद्योग परामर्श बैठक आयोजित कर रहा है।
  2. मिजोरम और जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने नई दिल्ली में जल जीवन मिशन के दूसरे चरण को लागू करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
  3. उत्तर प्रदेश में जनगणना का पहला चरण 22 मई से शुरू होगा और 22 जून तक चलेगा। इससे पहले, 7 से 21 मई तक स्वयं जनगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
  4. केरलम, असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी तथा अन्य राज्यों में विधानसभा उपचुनाव के दौरान लागू आचार संहिता को हटा दिया गया है।
  5. दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्‍ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में 1600 से अधिक नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं।
  6. दिल्ली सरकार ने कैबिनेट बैठक में वोकेशनल और समग्र शिक्षा अभियान के शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। अब वोकेशनल शिक्षकों का वेतन, जो पहले 20,000 से 23,000 रुपये के बीच था, अब बढ़ाकर 38,100 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। वहीं, समग्र शिक्षा अभियान के शिक्षकों का वेतन 21,000 रुपये से बढ़ाकर 35,420 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 8 मई 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:

  1. IPL 2026 का 51वां मुकाबला 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
  2. दिल्ली में ‘कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें 35 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:

  1. वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (WBBSE) द्वारा 08 मई को कक्षा 10वीं का परीक्षा रिजल्ट घोषित किया जाएगा। इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा में शामिल हुए छात्र ऑफिशियल वेबसाइट wbresults.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
  2. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने यूपी पुलिस एसआई परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। बोर्ड ने रिजल्ट के साथ फाइनल आंसर-की और कटऑफ लिस्ट भी जारी की है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। फाइनल आंसर-की 14 मई तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
  3. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC ग्रेजुएट लेवल परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट rrbcdg.gov.in पर जाकर रिजल्ट की PDF डाउनलोड कर सकते हैं।
  4. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने स्टेनोग्राफर परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट dda.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। DDA ने रिजल्ट PDF फॉर्मेट में जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1732 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

आशा है कि आपको 8 मई की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*