स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 9 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 9 फरवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 9 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- लोकसभा एवं राज्यसभा में सोमवार, 9 फरवरी 2026 को केंद्रीय बजट 2026-27 पर आगे की चर्चा आयोजित की जाएगी। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारामन द्वारा 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत बजट पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बजट सत्र का प्रथम चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक तथा द्वितीय चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक संपन्न होगा।
- मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि उत्तराखंड में 9 फरवरी तक कुछ स्थानों पर सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 11 फरवरी के दौरान छिटपुट बारिश और हिमपात की संभावना है।
- उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू होगा। सत्र के आरंभ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 11 फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे। यह सत्र 20 फरवरी तक चलेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 फरवरी की सुबह ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के दूसरे भाग में देश के विद्यार्थियों से बात करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे अलग-अलग मंचों से देखा जा सकेगा।
- महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए मतों की गिनती 9 फरवरी को होगी। मतगणना सुबह 10 बजे शुरू होगी। इस गिनती से 7,438 उम्मीदवारों का रिज्लट तय होगा।
- गृहमंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को जगदलपुर में बस्तर पांडुम उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे।
- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 9 फरवरी को अमरावती के राज्य सचिवालय में समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री सकल राज्य घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर, स्वर्ण आंध्र 2047 विजन के कार्यान्वयन, राजस्व विभागों की कार्य योजनाओं, केंद्र प्रायोजित योजनाओं, निवेश और सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
- हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परीक्षा-अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम-2025 सोमवार 9 फरवरी से लागू हो जाएगा। राज्य सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इस कानून के तहत नकल, प्रश्न पत्र लीक, जालसाजी और संगठित परीक्षा अपराधों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) द्वारा आयोजित किए जाने वाले 25वें भारत रंग महोत्सव (BRM) के मुंबई चरण का आयोजन 9 से 13 फरवरी 2026 तक प्रबोधनकर ठाकरे सभागार में किया जाएगा। यह कार्यक्रम महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति विभाग और पी.एल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के सहयोग से आयोजित हो रहा है।
- भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एक करोड़ से अधिक स्कूली बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट का कार्य पूरा कर लिया है।
- दिल्ली यातायात पुलिस और दिल्ली राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण मिलकर 14 फरवरी को लोक अदालत का आयोजन करेंगे। यह लोक अदालत दिल्ली के विभिन्न कोर्ट परिसरों में होगी, जहां 31 अक्टूबर तक जारी किए गए यातायात चालान और नोटिसों का निपटारा किया जाएगा।
- भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण पोत INS सुदर्शनी ने ओमान के सलालाह बंदरगाह पर अपना पहला पड़ाव सफलतापूर्वक पूरा किया। यह समुद्री यात्रा भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक समुद्री संबंधों को रेखांकित करती है तथा दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग और मित्रता को और सुदृढ़ बनाती है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 9 फरवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- जापान में प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने संसदीय चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। गठबंधन को निचले सदन की कुल 465 सीटों में से 344 सीटें मिली हैं, जो बहुमत के आंकड़े 233 से कहीं अधिक हैं।
- चीन ने शेन्जेन–झोंगशान लिंक का उद्घाटन किया है। यह 28 किलोमीटर लंबा समुद्री मार्ग है, जिसमें 6.8 किलोमीटर लंबी पानी के नीचे बनी सुरंग भी शामिल है।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से फोन पर बात करने के कुछ दिनों बाद कहा कि वे इस साल के अंत में व्हाइट हाउस में जिनपिंग का स्वागत करेंगे।
- ईरान की एक अदालत ने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को भूख हड़ताल शुरू करने के बाद साढ़े सात साल की जेल की सजा सुनाई है।
- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह स्वीकार किया है कि दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से संबंध होने के बावजूद उन्होंने पीटर मैंडेलसन को अमेरिकी राजदूत नियुक्त करने की सरकार को सलाह दी थी।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 9 फरवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- एशियाई राइफल-पिस्टल चैंपियनशिप 2026 में भारत के अर्जुन बाबूता और एलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इस जोड़ी ने फाइनल में 505 का स्कोर बनाकर नया विश्व और चैंपियनशिप रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
- असम के ढाकुआखाना स्टेडियम में सर्विसेज ने केरल को 1-0 से हराकर 79वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी जीत ली। यह सर्विसेज की आठवीं संतोष ट्रॉफी है।
- चीन के तियानजिन में संपन्न एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने कुल पांच पदक जीतकर अपना अभियान समाप्त किया। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में छठे स्थान पर रहा।
- डेविस कप टेनिस क्वालीफायर में भारत ने दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया है। रविवार, 8 फरवरी को बेंगलुरु में भारत ने नीदरलैंड्स को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च 2026 है।
- दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय द्वारा नर्सरी, KG एवं कक्षा 1 के प्रवेश हेतु दूसरी मेरिट सूची 9 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। इस मेरिट सूची को लॉटरी प्रणाली के तहत प्रकाशित किया जाएगा। इच्छुक अभिभावक मेरिट लिस्ट देखने के लिए DoE की आधिकारिक वेबसाइट edudel.nic.in पर लॉगिन कर सकते हैं।
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET Feb 2026) का आयोजन 7 और 8 फरवरी 2026 को देशभर के 140 शहरों में किया। CBSE द्वारा जारी ट्वीट के अनुसार, बिहार के दो परीक्षा केंद्रों पर पेपर 2 का आयोजन नहीं हो पाया। प्रभावित छात्रों के लिए परीक्षा पुनः 15 दिनों के अंदर आयोजित की जाएगी।
- रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सेक्शन कंट्रोलर भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 2026 जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 11 और 12 फरवरी 2026 को देशभर के तय किए गए परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
- राजस्थान बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के कार्यक्रम में बदलाव किया है। बोर्ड द्वारा जारी अपडेट के अनुसार 17 एवं 24 फरवरी को आयोजित होने वाली परीक्षाएं अब पहली शिफ्ट की जगह दूसरी शिफ्ट में संपन्न कराई जाएंगी।
- ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (OICL) ने एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पीडीएफ फॉर्मेट में रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 300 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
- UP पुलिस द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती परीक्षा का फाइनल रिज्लट घोषित कर दिया गया है। रिज्लट जारी होने के साथ ही उम्मीदवारों के स्कोरकार्ड और श्रेणीवार कटऑफ भी प्रकाशित की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 930 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
- महाराष्ट्र पुलिस कॉन्स्टेबल फिजिकल टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आशा है कि आपको 9 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!