स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 24 जनवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 24 जनवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 24 जनवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- भारत में हर साल 24 जनवरी को ‘राष्ट्रीय बालिका दिवस’ मनाया जाता है, जो बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करता है और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देता है।
- भारतीय सेना ने बेंगलुरु में भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रणाली का विकास किया जाएगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 18वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 61 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे और उन्हें संबोधित भी करेंगे। यह रोजगार मेला देश के 45 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है।
- गणतंत्र दिवस समारोह के कारण 23 और 26 जनवरी 2026 को सुबह 3 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक दिल्ली मेट्रो के कुछ स्टेशनों पर गेट से प्रवेश और निकास बंद रहेंगे। प्रभावित स्टेशनों में केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लाल किला, जामा मस्जिद, दिल्ली गेट और ITO शामिल हैं।
- भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो से तीन दिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
- ऑस्कर पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन घोषित कर दिए गए हैं। रयान कूगलर की फिल्म ‘सिनर्स’ ने 16 नामांकनों के साथ सबसे ज्यादा नामांकन का नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘ऑल अबाउट ईव’ (1950), ‘टाइटैनिक’ (1997) और ‘ला ला लैंड’ (2016) के नाम था।
- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.16 अरब डॉलर से अधिक बढ़ गया है। 16 जनवरी को समाप्त सप्ताह में यह 701 अरब डॉलर से ऊपर पहुंच गया। रिजर्व बैंक के मुताबिक, विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में 9.60 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इनका स्तर 508.50 अरब डॉलर हो गया।
- विद्युत मंत्रालय इस वर्ष 77वीं गणतंत्र दिवस परेड में ‘प्रकाश गंगा: आत्मनिर्भर और विकसित भारत को शक्ति प्रदान करना’ शीर्षक से झांकी पेश करेगा, जो देश में विद्युत क्षेत्र की प्रगति और स्वच्छ ऊर्जा में नेतृत्व दिखाएगी।
- अश्विनी वैष्णव ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान बताया कि भारत 18 महीनों में अपना मोबाइल ब्रांड लॉन्च करेगा।
- पुडुचेरी में तीन कफ सिरपों की बिक्री पर रोक लगाई गई है, क्योंकि ये मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं थे। इसमें रेस्पी फ्रेश (रेडनेक्स फार्मास्युटिकल्स), रेस्पीफ्रेश-टीआर (एडकेम फार्मास्युटिकल्स) और मेडिकोफ-डी (इंडियन ड्रग विजन कंपनी) शामिल हैं।
- केंद्र सरकार ने सार्वजनिक बीमा कंपनियों और नाबार्ड के वेतन में संशोधन किया है और RBI व नाबार्ड के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में बदलाव किया है। इससे कुल मिलाकर लगभग 46,322 कर्मचारियों और 46,830 पेंशनभोगियों को लाभ होगा।
- भारतीय डाक विभाग ने चालू वित्त वर्ष में 17,500 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व लक्ष्य तय किया है, जो पिछले साल की तुलना में 30% ज्यादा है।
- भारत के राष्ट्रीय विद्युत पारेषण नेटवर्क ने 5 लाख सर्किट किलोमीटर पार कर ली है और इसकी रूपांतरण क्षमता 1,407 गीगावोल्ट एम्पीयर तक पहुंच गई है।
- भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (CERT-In) ने 2025 में 29.44 लाख से अधिक साइबर सुरक्षा घटनाओं को संभाला और 1,530 साइबर अलर्ट तथा 390 वल्नरेबिलिटी नोट्स जारी किए।
- तेलंगाना सरकार ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच में कई समझौते किए और लगभग 30,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया। इसमें एक भारतीय औद्योगिक समूह के साथ 12,500 करोड़ रुपये के निवेश से तेलंगाना में इस्पात उत्पादन इकाई स्थापित होगी, जिससे लगभग 12,000 रोजगार सृजित होंगे।
- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज़ादपुर मेट्रो स्टेशन परिसर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया।
- NPCI के आंकड़ों के अनुसार BHIM ऐप पर 2025 में लेनदेन 3.89 करोड़ से बढ़कर 16.51 करोड़ हो गए। वहीं पूरे साल में लेनदेन में 300% से अधिक की बढ़ोतरी हुई और मासिक औसत वृद्धि करीब 14% रही।
- केंद्र सरकार ने वॉशिंग मशीन, फ्रिज, डिशवॉशर और एयर कंडीशनर जैसे घरेलू उपकरणों के लिए PLI योजना के चौथे चरण में पांच कंपनियों को चुना है, जिन्होंने कुल 863 करोड़ रुपये निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 24 जनवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- अमेरिका अब आधिकारिक तौर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से अलग हो गया है। डब्ल्यूएचओ की पहलों के लिए अमरीका ने सभी धनराशि और कर्मचारियों की नियुक्ति भी बंद कर दी है।
- दुबई में 26 जनवरी से शुरू होने वाले Gulfood 2026 में भारत 161 प्रदर्शकों के माध्यम से विविध कृषि-खाद्य पारिस्थितिकी तंत्र का प्रदर्शन करेगा।
- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने नवगठित शांति बोर्ड में शामिल होने के लिए कनाडा को भेजा गया निमंत्रण वापस ले लिया है।
- जापान में 8 फरवरी को मध्यावधि चुनाव होने वाला है, इसके पहले प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स भंग कर दिया।
- संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, भारत में वर्ष 2025 में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 73 प्रतिशत बढ़कर 47 अरब डॉलर पहुंच गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह बढ़ोतरी देश को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने और सेवा व विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने वाली नीतियों का परिणाम है।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 25 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 24 जनवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- रायपुर में खेले गए T-20 श्रृंखला के दूसरे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी की, जिसमें न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 208 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 15.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 209 रन बनाकर मैच जीत लिया।
- टेबल टेनिस में मानुष शाह और दीया चिताले ने ओमान में आयोजित WTT कंटेंडर मस्कट 2026 का मिक्स्ड डबल्स खिताब जीत लिया। फाइनल में उन्होंने चीन की जोड़ी हुआंग यूझेंग और शी शुन्याओ को 3–2 से हराकर इस प्रतियोगिता में अपना दूसरा मिक्स्ड डबल्स खिताब हासिल किया।
- बांग्लादेश ICC T-20 वर्ल्ड कप 2026 में नहीं खेलेगा। सुरक्षा कारणों से उसने मैच भारत के बाहर कराने का अनुरोध किया था, जिसे ICC ने ठुकरा दिया।
- जम्मू-कश्मीर खेल परिषद ने खेलो इंडिया जनजातीय खेल 2026 के प्रथम चरण के ओपन सिलेक्शन ट्रायल शुरू कर दिए हैं। ये खेल छत्तीसगढ़ में आयोजित होंगे। हॉकी के लिए 24 जनवरी को के.के. हक्कू स्टेडियम और भारोत्तोलन के लिए जम्मू विश्वविद्यालय में ट्रायल होंगे। मुक्केबाजी के ट्रायल 27 जनवरी को जम्मू यूनिवर्सिटी में होंगे। खिलाड़ियों को ट्रायल में मूल निवास प्रमाण-पत्र, जनजातीय प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।
- दुनिया के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के चौथे राउंड में प्रवेश कर लिया। अपने 100वें ग्रैंड स्लैम मैच में उन्होंने फ्रांस के कोरेंटिन मौटेट को सीधे सेटों में 6-2, 6-4, 6-1 से हराया।
- राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मुंबई ने हैदराबाद के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के छठे राउंड में पहली पारी में 560 रन बनाए और अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जिसमें सरफराज खान ने दोहरा शतक बनाया।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- CBI ने फॉरेन एक्सचेंज ऑफिसर और मार्केटिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि 3 फरवरी है।
- ग्रुप-2 और सब ग्रुप-3 की परीक्षा के लिए MPESB ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अपना कार्ड वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 28 जनवरी से आयोजित होगी।
- CBSE जल्द ही केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के लिए परीक्षा शहर की स्लिप जारी करेगा। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। परीक्षा 8 फरवरी को होगी।
- AIIMS की चौथी कॉमन रिक्रूटमेंट परीक्षा (ग्रुप-बी और ग्रुप-सी) का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
- IBPS ने RRB ऑफिस असिस्टेंट प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट 23 जनवरी को जारी कर दिया है। उम्मीदवार इसे ऑफिशियल वेबसाइट ibps.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
- बिहार ANM परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है। उम्मीदवार इसे ऑफिशियल वेबसाइट से देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इस परीक्षा में कुल 7,780 उम्मीदवार डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए क्वालिफाई हुए हैं।
आशा है कि आपको 24 जनवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!