Today’s Current Affairs in Hindi | 9 June 2025 (हिंदी करंट अफेयर्स)

1 minute read
Today’s Current Affairs in Hindi 9 June 2025

यहां प्रमुख एग्जाम की तैयारी के लिए 9 जून 2025 के Current Affairs Today in Hindi की महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। जिसके माध्यम से आप अपनी एग्जाम की तैयारी के लिए डेली करंट अफेयर्स के बारे में जान सकते हैं। करंट अफेयर्स की जानकारी से हमें न केवल अपने समाज कि बल्कि देश और दुनिया में हो रही सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलती है। इसके साथ ही भारत की सभी प्रमुख परीक्षाओं में भी करंट अफेयर्स से संबंधित प्रश्न जरूर पूछे जाते हैं।

आज के टॉप 10 करंट अफेयर्स – Current Affairs Today in Hindi

आज के मुख्य करंट अफेयर्स की जानकारी (Today’s Current Affairs in Hindi) इस प्रकार हैं:-

आज विश्व प्रत्यायन दिवस है 

  • हर वर्ष 9 जून को दुनियाभर में विश्व प्रत्यायन दिवस (World Accreditation Day 2025) मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य व्यापार बढ़ाना और पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा चिंताओं को दूर करने जैसे उद्देश्यों को पूरा करना है।

भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि आज 

  • आज यानी 9 जून को भगवान बिरसा मुंडा (Birsa Munda) की 125वीं पुण्यतिथि है। जिन्‍हें धरती आबा के नाम से जाना जाता है।
  • उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौरान 19वीं शताब्दी के अंत में शोषणकारी औपनिवेशिक व्यवस्था के खिलाफ़ आंदोलन का नेतृत्व किया और आदिवासी समुदायों के अधिकारों और सम्मान के लिए लड़ाई लड़ी थी।

मौसम विभाग ने आज देश के कई राज्यों में लू चलने का अनुमान जताया 

  • मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार 9 जून को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

डॉ. एल मुरुगन आज पुडुचेरी विधानसभा के लिए राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन का उद्घाटन करेंगे

  • केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन 9 जून, 2025 को पुडुचेरी विधानसभा के लिए राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) का उद्घाटन करेंगे।
  • बताना चाहेंगे NeVA, संसदीय कार्य मंत्रालय की पहल है, जिसका उद्देश्य एकीकृत प्लेटफॉर्म द्वारा सभी 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के विधानमंडलों की विधायी प्रक्रियाओं को डिजिटल रूप देना और इन्हें सुव्यवस्थित करना है।

पुर्तगाल ने दूसरी बार UEFA नेशंस लीग मुकाबले में जीत हासिल की

  • पुर्तगाल ने यूरोपियन फुटबॉल संघ (UEFA) नेशंस लीग मुकाबले में दूसरी बार जीत हासिल की है। बता दें कि पुर्तगाल ने म्यूनिख फुटबॉल एरिना में एक रोमांचक फाइनल में स्पेन पर पेनल्टी शूट-आउट में 5-3 से जीत दर्ज की है। 

AIIA “योग समावेश” विषय पर करेगा तीन दिवसीय विशेष अयंगर योग कार्यशाला की मेजबानी

  • अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवससमारोह के भाग के रूप में योग समावेश विषय पर तीन दिवसीय विशेष अयंगर योग कार्यशाला की मेजबानी करेगा। 
  • यह कार्यशाला सोमवार 9 जून से शुरू हो रही है और बुधवार यानी 11 जून तक दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक चलेगी। वहीं इच्छुक प्रतिभागी [email protected] पर डॉ. रामावतार शर्मा को ईमेल करके पंजीकरण करा सकते हैं।

स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ ने जीता फ्रेंच ओपन खिताब

  • टेनिस में स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ ने पांच सेट के रोमांचक मुकाबले में इटली के विश्व नंबर एक जैनिक सिनर को हराकर फ्रेंच ओपन (French Open) खिताब जीत लिया है।
  • इसके साथ ही अल्काराज़ ने न केवल अपना दूसरा फ्रेंच ओपन खिताब जीता बल्कि पांच प्रमुख फाइनल में अपराजित रहते हुए पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब भी हासिल किया है।

NASA के कैनेडी स्पेस सेंटर से 10 जून को किया जाएगा Axiom Mission 4 का प्रक्षेपण

  • प्रतिष्ठित Axiom Mission 4 को भारतीय समयानुसार मंगलवार 10 जून की शाम 5:52 बजे NASA के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया जाएगा। 
  • मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ऐतिहासिक मिशन अमेरिका, भारत, पोलैंड और हंगरी के चार अंतरिक्ष यात्रियों को लो अर्थ ऑर्बिट में 14-दिवसीय वैज्ञानिक मिशन के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) ले जाएगा। 
  • बता दें कि एक्सिओम-4 मिशन में भारत के शुभांशु शुक्ला, पोलैंड के स्लावोस उज़्नान्स्की, हंगरी के टिबोर कापू और अमेरिका की पैगी व्हिटसन सहित चार अंतरिक्ष यात्री हैं।

DRDO ने 10 भारतीय उद्योगों को 9 रक्षा प्रणालियों की तकनीकें सौंपी

  • महाराष्ट्र के अहिल्याबाई नगर में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के वाहन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान ने 10 भारतीय उद्योगों को नौ रक्षा प्रणालियों की तकनीकें सौंपी हैं। 
  • बताना चाहेंगे इन प्रणालियों में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल, परमाणु (CBRN) टोही वाहन, माउंटेड गन सिस्टम, आतंकवाद निरोधी वाहन और वज्र-दंगा नियंत्रण वाहन शामिल हैं।

12 देशों के नागरिकों के अमरीका में प्रवेश पर प्रतिबंध का आदेश आज से हुआ लागू 

  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 12 देशों के नागरिकों के अमरीका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश सोमवार 9 जून से लागू हो गया है।
  •  बताना चाहेंगे नवीनतम यात्रा प्रतिबंध से अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन प्रभावित होंगे। 
  • वहीं बुरुंडी, क्यूबा, ​​लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला सहित सात अन्य देशों के लोगों का प्रवेश आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

9 जून 2025 डेली करेंट अफेयर्स क्विज 

यहां डेली के कुछ प्रमुख क्विज क्वेशन की सूची (Current Affairs Today in Hindi) आपकी परीक्षा की तैयारी के लिए दी जा रही हैं:-

1. भारतीय तटरक्षक बल (ICG) द्वारा किस बंदरगाह पर एक नए आईसीजी जेटी का उद्घाटन किया गया है?

(A) कोट्टायम बंदरगाह
(B) मगदल्ला बंदरगाह
(C) विझिनजाम बंदरगाह
(D) साहिबगंज बंदरगाह
उत्तर- विझिनजाम बंदरगाह

2. भारतीय उर्वरक संघ (FAI) का नया अध्यक्ष किसे नियुक्त किया गया है?

(A) शैलेश सी मेहता
(B) अर्जुन सिंघानिया 
(C) मनोज कुमार सिन्हा 
(D) विनीत अग्रवाल 
उत्तर- शैलेश सी मेहता

3. TCL India ने किस भारतीय क्रिकेटर को दूसरे साल के लिए ब्रांड एंबेसडर के रूप में नवीनीकृत किया है?

(A) विराट कोहली 
(B) महेंद्र सिंह धोनी 
(C) रोहित शर्मा 
(D) शुभमन गिल 
उत्तर- रोहित शर्मा 

4. प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) का नया अध्यक्ष किसे नियुक्त किया गया है?

(A) विजय कुमार मल्होत्रा  
(B) अनिल जैन 
(C) एस महेंद्र देव
(D) वी.के बोस  
उत्तर- एस महेंद्र देव

5. महाराष्ट्र के किस नक्सल प्रभावित गांव में आजादी के 77 वर्षों बाद पहली बार राज्य परिवहन (ST) की बस सेवा शुरू हुई है?

(A) माकुणसार गांव
(B) भामरागढ़ गांव
(C) कटेजरी गांव
(D) तलासरी  गांव
उत्तर- कटेजरी गांव

परीक्षा से संबंधित डेली करेंट अफेयर्स (Current Affairs Today in Hindi) के बारे में अधिक जानकारी के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*